उझानी बदायूं 22 अप्रैल।
गर्मी अब शबाब पर आने लगी है। तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है और हालत ये है कि दोपहर में धूप में चलना तो छोड़िए खड़ा होना मुश्किल हो रहा है। सोमवार को सुबह से लेकर शाम तक गर्म हवाएं चलती रहीं। रात में भी उमस परेशान कर रही है। लोग धड़ल्ले से कूलर और एसी चला रहे हैं।
सोमवार को गर्मी के तेवर तल्ख रहे। सुबह से ही तापमान ने बढ़त लेना शुरू कर दिया। हाल यह रहा कि सुबह नौ बजे सड़क पर निकलना मुश्किल रहा। सुबह 11 बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। वही लोग सड़क पर दिखे, जिन्हें जरूरी काम था। दोपहर एक बजे प्रचंड गर्मी पड़ी। धूप में एक मिनट खड़ा होना मुश्किल रहा। लोगों को गर्मी से बचने के लिए छांव का सहारा लेना पड़ा। वहीं पानी के लिए लोगों को दुकानों का रुख करना पड़ा।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्मी से गांव के गलियारों में सन्नाटा रहा। गर्मी के कारण स्कूली बच्चे भी परेशान हो रहे हैं। दोपहर में जब स्कूल छूटता है तो बच्चों को भीषण गर्मी में तपिश सहते हुए घर जाना पड़ता है। सोमवार को गर्मी ने जिस तरह से तेवर दिखाए हैं, उससे आने वाले दिनों में अधिक गर्मी पड़ने से इनकार नहीं किया जा रहा है।
सोमवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि तापमान अब बढ़ेगा। रात में भी गर्मी पड़ेगी। गर्म हवा दिन में तेज चलेगी, वहीं रात में उमस रहेगी।
कूलर की बढ़ी मांग
गर्मी बढ़ने के साथ बाजार में भी कूलर की बिक्री बढ़ गई है। शहर में कूलर बनाने का बड़ा काम होता है। शहर में दो हजार रुपये से लेकर छह हजार रुपये तक के कूलर बिक रहे हैं। वहीं ब्रांडेड कंपनी के भी कूलर बाजार में हैं, लेकिन लोगों की पहली पसंद शहर में बनने वाले कूलर हैं। लोगों का कहना है कि इस बार गर्मी अधिक पड़ रही हैं, जिस कारण बाजार में कूलर की मांग अधिक है।
गर्मी में गन्ने का रस खूब पसंद किया जा रहा है। प्यास बुझाने के लिए लोग गन्ने का रस पी रहे हैं। इस समय शहर से लेकर गांव तक गन्ने के रस के ठेले सड़क किनारे लगे देखे जा सकते हैं। दस रुपये और बीस रुपये गिलास में गन्ने का रस बिक रहा है। इसके साथ ही लोग नींबू की शिकंजी भी खूब पसंद कर रहे हैं।———————— राजेश वार्ष्णेय एमके।