उझानी बदायूं 7 अप्रैल।
मौसम की तल्खी लोगों पर भारी पड़ने लगी है। अधिकतम तापमान ने पहले ही मुसीबत बढ़ा रखी है। अब न्यूनतम पारा भी बढ़कर लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। तेज धूप में चल रही पछुआ की लपट लोगों को बेहाल कर रही है।
जिले में दो अप्रैल तक न्यूनतम पारा 16 डिग्री तक चल रहा था। इसके बाद पारे में उछाल आने लगा। तीन दिन से न्यूनतम पारा 19 डिग्री चल रहा था। रविवार को न्यूनतम पारा चढ़कर 20 डिग्री तक पहुंच गया। इससे सुबह से ही मौसम में काफी गर्मी हो गई। दोपहर के समय अधिकतम पारा लगातार चढ़ रहा है। रही सही कसर धूप में चल रही पछुआ हवा पूरी कर रही है। दिन की हवा कुछ ऐसा आभास करा रही जैसे गर्म भट्ठी के आसपास से कोई गुजर रहा हो। दोपहर के समय पारा 39 डिग्री तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पारा और चढ़ने तथा लपट भरी हवाएं चलने का अलर्ट दिया है। मौसम विभाग का अनुमान यदि सही हुआ तो लोगों की मुसीबत और भी बढे़गी।
जिले में चढ़ते पारे से बढ़ रही लगातार गर्मी ने किसानों की चिंता बढ़ा रखी है। अभी तक गेहूं की खेती करने वाले किसान समय से पहले फसल पक जाने से परेशान थे। अब मक्का की खेती करने वाले किसानों के माथे पर भी सिलवटें आने लगी हैं। किसान महेश , रामभरोसे, महावीर का कहना है कि खेत की नमी सूखने से फसल को खतरा बढ़ गया है।———————————- राजेश वार्ष्णेय एमके।