पार्टी का 45वाँ स्थापना दिवस और रामनवमी का पर्व एक साथ होना, ये भी दुर्लभ संयोग है – राजीव कुमार गुप्ता
बदायूं :- भाजपा ने अपना 45वाँ स्थापना दिवस बड़ी धूम धाम और भव्यता से मनाया। पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपने अपने घरों पर ध्वजारोहण करके मिष्ठान वितरण कर हर्षोल्लास मनाया।
पार्टी मुख्यालय पर केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से ध्वजारोहण किया, तत्पश्चात मिष्ठान वितरण और भंडारा कराया गया।
केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा जिस भाजपा का कभी यह कहकर सत्ता पक्ष या मुख्य विपक्षी पार्टियां उपहास उड़ाती थीं कि आप तो केवल दो सदस्यों वाली पार्टी हो, उसी राजनीतिक दल ने भारत की राजनीति के इतिहास को पलटकर रख दिया। कभी दो सांसदों वाली पार्टी पिछले 11 साल से केंद्र की सत्ता में बरकरार है और एक के बाद एक शानदार जीत हासिल कर अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। लगातार तीन लोकसभा चुनावों में बहुमत हासिल करने की उपलब्धि बीजेपी के खाते में है। 14 राज्यों में बीजेपी अकेले अपने दम पर सत्ता में है जबकि 4 राज्यों में एनडीए गठबंधन की सरकार है। दुनिया भर के राजनीति शास्त्र के स्टूडेंट्स के लिए स्टडी का विषय बन चुकी बीजेपी अपना 45वां स्थापना दिवस मना रही है। भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा “भारत कोई भूमि का टुकड़ा नहीं है, यह जीता जागता राष्ट्रपुरुष है।
ये वंदन की धरती है,
ये अभिनन्दन की भूमि है।
ये अर्पण की भूमि है,
ये तर्पण की भूमि है।
इसकी नदी-नदी हमारे लिए गंगा है, इसका कंकर-कंकर हमारे लिए शंकर है।
हम जिएंगे तो इस भारत के लिए और मरेंगे तो इस भारत के लिए,
और मरने के बाद भी गंगाजल में बहती हुई हमारी अस्थियों को कोई कान
लगाकर सुनेगा, तो एक ही आवाज आएगी-
“भारतमाता की जय”
इस भावना और मूल मंत्र को लेकर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता निरंतर गतिशील रहता है। राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद पार्टी का 45वाँ स्थापना दिवस और राम नवमी का पर्व एक साथ पड़ा है ये भी एक दुर्लभ संयोग है।
इस मौके पर अशोक भारतीय, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, सुधीर श्रीवास्तव, एमपी सिंह राजपूत, अनेकपाल पटेल, शैलेंद्र मोहन शर्मा, आशीष शाक्य, संदीप चौहान, अजय मथुरिया, गोपाल शर्मा, सीमा राठौर, मोनिका गंगवार, प्रेमलता, राजू प्रजापति, जोगेंद्र पटेल, अनुभव उपाध्याय, अमित सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।