7:25 am Tuesday , 22 April 2025
BREAKING NEWS

विधायक हरीश शाक्य ने किया ढकनगला और कोथल नगला को बाढ़ से बचाने को परियोजना का शिलान्यास

मानसून आने से पहले हो जाएगा पूरा कार्य: हरीश
हर साल दोनों गांव में भर जाता था बाढ़ का पानी
बिल्सी। हर साल बरसात के दिनों में बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोथल नगला और ढक नगला में बाढ़ का पानी काफी भर जाता था। जिसकी वजह से इन गांव के लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती थी। बाढ़ से होने वाली तबाही को रोकने के लिए विधायक हरीश शाक्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष इस समस्या को रखा। मुख्यमंत्री ने उसे गंभीरता से लेते हुए दोनों गांव को बाढ़ से बचने के लिए एक करोड 68 लाख रुपए की परियोजना को मंजूर किया, इस परियोजना का विधायक ने बाढ़ खंड विभाग के अधिकारियों के साथ शिलान्यास किया और उम्मीद जताई है कि मानसून आने से पहले दोनों गांव को बाढ़ से बचने का पूरा इंतजाम इस परियोजना के तहत कर लिया जाएगा। इस परियोजना का शिलान्यास होने से दोनों गांव के लोगों में काफी खुशी है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक ने हरीश शाक्य ने कहा कि पिछले साल मानसून आने के बाद हुई बारिश से विधानसभा क्षेत्र के ढकनगला और कोथल नगला गांव बाढ़ की चपेट में आने से बाल बाल बचे थे। इन गांवों को बाढ़ से बचने के लिए उन्होंने शासन स्तर पर पहल की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उक्त समस्या को रखा। शासन से परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद धनराशि जारी कर दी गई। शाक्य ने कहा कि इस वर्ष मानसून के आने से पहले ही इन दोनों गांव को बाढ़ से बचने के लिए परियोजना के तहत पूरा काम हो जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी कहा है कि वह जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा कराए ताकि दोनों गांव के लोगों को बरसात के समय किसी तरह की दिक्कत ना हो। विधायक ने कोथल नगला में परियोजना का पूजा अर्चना के बाद शिलान्यास किया। परियोजना के अधिकारी उमेश चंद्र ने कहा कि एक करोड 68 लाख रुपए से अधिक की परियोजना से कोथल नगला और ढकनगला गांव को बाढ़ से बचाया जाएगा। यह परियोजना मानसून आने से पहले पूरी हो जाएगी तब तब दोनों गांव सुरक्षित रहे। इधर पूर्व में चली रही परियोजना को भी विस्तार किया गया है उससे भी कार्य चलता रहेगा। इधर परियोजना के शुरू हो जाने के बाद गांव ढकनगला और कोथल नगला के लोगों में काफी खुशी है। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।