*अमर शहीदों का सपना अधूरा, हमको है मिलकर करना पूरा।*
अमर शहीद भगत सिंह,सुखदेव, राजगुरु की शहादत दिवस पर जनहित सत्याग्रह मोर्चा और क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के तत्वाधान नगला शर्की बदायूं में इन शहीदों को याद करते हुए गोष्ठी का आयोजन किया। शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
गोष्ठी का संचालन करते हुए कृष्ण गोपाल ने कहा हम छात्रों को भगत सिंह और उनके साथियों के जीवन तथा विचारों को जानने – समझने की जरूरत है। गैरबराबरी और शोषण से मुक्त आज़ाद और खुशहाल भारत का जो सपना हमारे शहीदों ने देखा था हमें उसे पूरा करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
मोर्चा के महामंत्री चरण सिंह ने कहा कि आज शहीदों के विचारों को भुलाया जा रहा है। भगत सिंह ने कहा था जो सरकार जनता को उसके मूलभूत हक़ – अधिकारों से वंचित रखती है उसे समाप्त कर देना चाहिए। भगत सिंह की यह बात आज भी प्रासंगिक है।आज भी चौतरफा जनता के बुनियादी हक अधिकारों को कुचला जा रहा है।
क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के सचिव सतीश ने कहा कि भगत सिंह के विचार और लेख आज भी उतने ही प्रभावी हैं। अंग्रेज ‘फूट डालो – राज करो’ की नीति के तहत लोगों को आपस में ही लड़ा रहे थे। तो भगत सिंह जाति – धर्म के भेदों को भूलाकर गरीब – मेहनतकशों से एकजुट होकर शासकों के खिलाफ संघर्ष करने का आह्वान करते थे। आज हमारे देश के शासक भी अंग्रेजों की ‘फूट डालो – राज करो’ की नीति पर चल रहे हैं। इसके खिलाफ हमें भगत सिंह और उनके साथियों से प्रेरणा लेते हुए हर जाति – धर्म के मेहनतकशों को एकजुट करना होगा। और लूट – शोषण पर टिकी इस पूंजीवादी व्यवस्था की जगह समाजवादी व्यवस्था के लिए संघर्ष करना होगा।
एड योगेश ने कहा कि भगत सिंह व उनके साथियों का संघर्ष व त्याग – बलिदान हमारी विरासत है। हमें इस विरासत को सहेजकर आगे बढ़ाना होगा। हर स्तर पर बराबरी और प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा- स्वास्थ्य- रोजगार आदि के लिए संघर्ष करना होगा।
एड पवन ने कहा कि आज हमारे देश की सरकारें आम लोगों का दमन करने में अंग्रेजों से भी आगे बढ़ गई हैं। बिना ट्रायल के ही लोगों को जेलों में ठूंसा जा रहा है, उनके घरों को बुलडोजर से ढहाया जा रहा है। परिजनों को भी प्रताड़ित कर, सजा देकर लोगों की आवाज कुचलने की साजिश की जा रही है।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह ने कहा सरकारों की भगत सिंह और उनके साथियों के प्रति बेरुखी के बावजूद भी भगत सिंह आम जनमानस के बीच लोकप्रिय हैं। वह आम जनता के नायक हैं। भगत सिंह देशी – विदेशी दोनों तरह की लूट व शोषण के खात्मे की बात करते थे। इसके लिए वह समाज में आमूल- चूल बदलाव के पक्षधर थे। जिससे हमारे देश के शासक आज भी डरते हैं।
कार्यक्रम में डा सतीश, प्रेमपाल सिंह, तेजेंद्र सिंह, जयवीर सिंह, एड योगेश यादव, एड पवन गौतम, राकेश सिंह, चरन सिंह यादव, कृष्ण गोपाल, आदि लोगो ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में दर्जनों लोग मौजूद रहे।