12:18 pm Friday , 2 May 2025
BREAKING NEWS

पावन महाकुम्भ है आया, धर्म कर्म संदेशा लाया।

पावन महाकुम्भ है आया, धर्म कर्म संदेशा लाया।

सप्तम विचार गोष्ठी सह काव्य गोष्ठी का आयोजन।

भारतीय हिंदी सेवी पंचायत (प्रकल्प: जन दृष्टि व्यवस्था सुधार मिशन) के तत्वावधान में शिव पुरम बदायूं में महाकुंभ को समर्पित विचार संगोष्ठी सह काव्य गोष्ठी का आयोजन भारतीय हिंदी सेवी पंचायत के संस्थापक हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट की अध्यक्षता में किया गया। बीस देशों में हिंदी की अलख जगा चुकी डॉ कमला महेश्वरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही।

सर्व प्रथम अतिथिगण द्वारा छंदाधिपति गणेश, मां सरस्वती व आदिकवि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प माला अर्पित की गई तदंतर सह संयोजक चंद्र वीर सिंह द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए भारतीय हिंदी सेवी पंचायत के संस्थापक हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट ने कहा कि हिंदी के उन्नयन के लिए देश के समस्त विश्व विद्यालयो में प्रमुख साहित्यकारों के नाम पर अनिवार्य रूप से हिंदी विभाग की स्थापना हो। प्रसिद्ध साहित्यकारों की स्मृति में प्रत्येक जनपद में हिंदी भवन बनाए जाएं, हिंदी साहित्यकारों को प्रोत्साहन मिले। शासन और प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए नीति बने साथ ही निशुल्क चिकित्सा और यात्रा के साथ ही पेंशन की सुविधा भी मिले।

कवि राजवीर सिंह तरंग ने पढ़ा –

पावन महाकुंभ है आया,
धर्म-कर्म संदेशा लाया।
ऋषि मुनियों ने डाला डेरा,
ज्ञान-भक्ति का हुआ बसेरा।।

कवि शैलेंद्र मिश्र देव ने पढ़ा –
देख दुश्मन मुस्कराना चाहिए,
नफरतों को यूॅं भगाना चाहिए।
हो सियासत का ॶॅंधेरा जब घना,
प्यार के दीपक जलाना चाहिए।।

कवियत्री मधु प्रिया चौहान ने पढ़ा –

दीप पंक्तियाँ हैं जलीं, मने देव दीपावली, झिलमिल करते चिराग।
देव अवतरित हों जहाँ , गंगा यमुना हैं वहाँ , संगम नगरी प्रयाग।।
भक्ति भाव मन में जगे, महाकुम्भ मेला लगे, बरसे नभ से पराग।
संत करें स्नान हैं, करते प्रभु गुणगान है, बनते कई विभाग।।

कवियत्री अनुराधा गुप्ता ने पढ़ा –

इस पावन धरती पर आया,
कुंभ पर्व बड़ा अलबेला।
दूर-दूर से लोग हैं आते,
यहाॅं बड़ा सा लगता मेला।।

कवि राजीव उपाध्याय ने पढ़ा –

झूठ बड़ा ही पाप है, मान झूठ का मान।
झूठ वहाॅं पर बोलिए, बचे किसी की जान।।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से संरक्षक एमएल गुप्ता, सुरेश पाल सिंह, प्यारे लाल, केन्द्रीय कार्यालय प्रभारी रामगोपाल, ज्ञानदीप शर्मा, नेत्रपाल , विकास कुमार, सुशील कुमार सिंह आदि की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का संचालन भारतीय हिंदी सेवी पंचायत के संयोजक राजवीर सिंह तरंग ने किया तथा संरक्षक एम एल गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।