प्रदेश में राजस्व व विकास कार्यों में बदायूं टॉप टेन मे
जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव ने बताया कि माह अक्टूबर 2024 की प्रगति के आधार पर सीएम डैशबोर्ड में जनपद को प्रदेश में राजस्व के कार्यों में पांचवा स्थान प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार विकास कार्यों में जनपद को प्रदेश में 28 वां स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि राजस्व एवं विकास कार्यों में संयुक्त रूप से जनपद बदायूं प्रदेश में छठवें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गौरव की बात है कि जनपद बदायूं प्रदेश में टॉप टेन में आया है।
उन्होंने कहा कि जनपद के विकास विभाग व राजस्व से संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अच्छा कार्य किया है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से कार्य योजना बनाकर लक्ष्य निर्धारित करते हुए बदायूं राजस्व व विकास कार्यों में प्रथम स्थान पर आए इस हेतु प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह विकास व राजस्व कार्यों की निरंतर समीक्षा करती हैं तथा अधिकारियों को अच्छे से अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने कहा कि जनपद व प्रदेश में विकास कार्यों के क्रियान्वयन में धनराशि की कोई कमी नहीं है तथा राजस्व लक्ष्यों की पूर्ति से प्राप्त धनराशि जनकल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों के क्रियान्वन को सफलतापूर्वक संपादित करने में सहायक सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण भूमिका होती है उनको अपने दायित्वों का निर्वहन शासन की मंशा के अनुरूप करना चाहिए।
——–सौम्य सोनी