बिल्सी में दो घरों के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों की संपत्ति साफ की
दोनों ग्रहस्वामी गए थे अपने-अपने गांव,चोरी की वारदात से दहशत
बिल्सी। पुलिस के लिए चुनौती बने चोरों ने शुक्रवार की रात नगर में दो घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपए की संपत्ति चुरा ली। दोनों ही गृहस्वामी अपने-अपने गांव गए हुए थे। मोहल्ले के लोगों ने जब घरों के ताले टूटे देखे तो खलबली मच गई। सूचना पर पहुंचे दोनों गृहस्वामी ने जब घर के हालात देखे तो उनके भी होश उड़ गए। माना जा रहा है कि चोर पहले से ही इन घरों पर नजर गड़ाए हुए थे। एक ही रात में दो घरों में चोरी की वारदात से पुलिस में भी खलबली मची हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। चोरी की इस वारदात से नगर के लोगों में दहशत का माहौल है। जनता का मानना है कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। चोरी की यह घटना नगर के मोहल्ला संख्या छह में घटी है। नगर के बाईपास से चंद कदम की दूरी पर विकास माहेश्वरी पुत्र अशोक माहेश्वरी निवासी ग्राम बांस बरोलिया और सुरेश चंद्र शर्मा पुत्र टीकाराम शर्मा निवासी ग्राम खौंसारा के आमने-सामने मकान बने हुए हैं। दोनों ही गृह स्वामी घर पर ताला डालकर शुक्रवार को अपने गांव चले गए थे। रात में चोरों ने इन दोनों के मकानों को अपना निशाना बना लिया। घरों के मुख्य दरवाजे पर लगे तालों को तोड़कर चोरों ने विकास माहेश्वरी के घर से बीस हजार रुपए की नगरी के अलावा सोने चांदी के आभूषण समेत करीब एक लाख रुपए की संपत्ति चुरा ली। जबकि सुरेश चंद्र शर्मा के घर से 25 हजार की नगदी समेत सवा लाख से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। दो घरों में चोरी की जानकारी मोहल्ले के लोगों को शनिवार सुबह हुई तो उनमें दहशत फैल गई। लोगों ने विकास और सुरेश शर्मा को घटना की जानकारी दी। घर में चोरी की खबर सुनकर दोनों में खलबली मच गई। और कुछ ही देर में घर यहां पहुंच गए। दोनों ही पीड़ितों ने चोरी की घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। जिसपर चौकी इंचार्ज सतपाल सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया।
………………………..चोरों को तलाशने में जुटी पुलिस
नगर में एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटना से पुलिस की नींद उड़ा दी है। चोरों की तलाश में पुलिस जुट गई है और उसने अपने मुखबिरों को सक्रिय कर दिया है। जिले में नए एसएसपी के आने से पुलिस का प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाए।