उझानी बदायूं 15 अप्रैल।
जिले में चार दिनों से मौसम में बदलाव के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई। किसान अपनी कटी अधसूखी फसल को किसी तरह सहेजने में जुटे हैं। किसानों का कहना है कि अगर तेज हवा चली और बारिश हुई तो फसल को अधिक नुकसान पहुंचेगा ही जानवरों का भूसा भी नहीं बच पाऐगा। इससे जमा पूंजी भी निकलना मुश्किल हो जाएगा।
जिले में पिछले चार दिनों से मौसम का मिजाज बदलने से किसान परेशान हैं। किसी तरह गाढ़ी कमाई से तैयार की गई गेहूं आदि फसलों को सहेजने में जुटे हैं। सोमवार को मौसम में बदलाव दिखा। यह देख किसान अपनी अधसूखी गेहूं की फसल की कंबाइन से कटाई, थ्रेशर से निकासी करते दिखे। परिवार सहित किसान किसी तरह अपनी फसल व उपज को घर ले जाने की जुगत में लगे रहे।
वहीं मौसम को देख किसानों ने आशंका जताई है। नरऊ निवासी किसान सुनील कुमार ने कहा कि इस बारिश के कारण कटाई बाधित हुई है। मलिकपुर गांव निवासी रामेश्वर सिंह ने बताया कि अगर अधिक बारिश हुई तो फसलों को नुकसान पहुंचेगा। अभी इस बारिश से कोई नुकसान नहीं है। गेहूं की फसल पककर तैयार हो गई और किसान कटाई कर रहे हैं। नरऊ निवासी महावीर सिंह ने बताया कि उन्होंने चार-पांच बीघा गेहूं की फसल की बोआई की है, कुछ की कटाई कर ली है। गेहूं की फसल गिर गई है, नुकसान पहुंचा है। उपज पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा।
उझानी निवासी प्रेम चंद ने बताया कि उन्होंने करीब आठ बीघा गेहूं फसल की बोआई की है। 50 फीसदी गेहूं की फसल की कटाई कर चुके हैं। बारिश के कारण कटाई का कार्य बाधित है। ऐसे में अगर बारिश ज्यादा हुई तो फसलों को नुकसान पहुंचेगा और उपज पर भी प्रभाव पड़ेगा।
—————————— राजेश वार्ष्णेय एमके।